उमड़ घुमड़ कर आते मेघा
बूंदों संग इठलाते मेघा
भीगी भीगी सी फुलवारी
मिटटी की महक लगती न्यारी
रिमझिम बौछार की मस्त धार
उर को हर्षाए बरखा बहार
वह मंथर मतवाली बयार
पपीहा भी गाए मेघ मल्हार
थिरके मयूर, चातक, चकोर
प्रकृति भी दिखती भाव विभोर
नैसर्गिक शोभा नयनाभिराम
गर्मी पर लगा थोडा विराम
भीगा भीगा सा वन -उपवन
उल्लासित पंछी करते गुंजन
आनंदित करती वर्षा की फुहार
अचला निकली कर सोलह श्रृंगार
इन्द्रधनुष उभरा अम्बर पर
समेटे सात रंग
भँवरे भी आतुर हैं
रचाने रास कलियों संग
क्लांत धरा अब लगती तृप्त
नन्ही बूंदों को ओढ़
'प्रकृति' मना रही उत्सव
अपनी चिंताएं छोड़ ।
कुछ शब्द :- इस निष्टुर तपते ग्रीष्म काल में जहां दूर दूर तक वर्षा का कोई संकेत नहीं दिख पा रहा है , वहां इस काव्य रचना को प्रस्तुत कर थोड़ी देर के लिए मैं आपको वर्षा के अहसास में भिगा देना चाहती हूँ। आशा करती हूँ मेरी यह काव्य रचना आपको काल्पनिक ही सही पर कुछ पल के लिए तपिश से राहत, शीतलता व ताजगी अवश्य प्रदान करेगी।
Showing posts with label प्रकृति. Show all posts
Showing posts with label प्रकृति. Show all posts
Thursday, May 27, 2010
Subscribe to:
Posts (Atom)